Badaun News ; यूपी के बदायूं के चार बच्चे हरियाणा में एक बड़े हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में चारों की जान चली गई है। चारों के ऊपर भट्ठे की दीवार गिर गई जिसके नीचे दबकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हरियाणा के सोनीपत जिले के नरलौबोल गांव में रविवार की रात यह घटना हुई थी। घटना की वजह से बदायूं के बिल्सी क्षेत्र के बेरमई बुजुर्ग गांव में मातम पसरा है। बच्चों के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। हर किसी की आंख नम हो गई।
मरने वाले चार बच्चों में से तीन एक ही परिवार के है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार बेरमई बुजुर्ग गांव से 15 दिन पहले ही बच्चों के घरवाले काम के लिए हरियाणा गए थे। वहां ये लोग एक ईंट भट्ठे पर काम करते थे। रविवार की रात भट्ठे की एक दीवार गिर गई और चार बच्चे उसके नीचे दबकर मर गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्चों को मलबे से बाहर निकाला लेकिन तब उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे की सूचना बदायूं पहुंची तो गांव में कोहराम मच गया। हर तरफ मातम पसर गया।
हादसे में बच्चों की मौत से गांव में हर कोई गमजदा है। बच्चों के परिवारीजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। परिवारीजनों का कहना कि उन्हें अभी तक इस अनहोनी के घटित हो जाने का यकीन नहीं हो रहा है। हंसते-खिलखिलाते मासूम बच्चे अचानक एक दीवार के नीचे दबकर हमेशा के लिए शांत हो गए इस अहसास ने सबको गम में डुबो दिया है।
दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो लोग घायल
वहीं बदायूं के सैदपुर में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर गृहस्वामी और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा सैदपुर में मंगलवार सुबह हुआ। कस्बा के वार्ड संख्या नौ टंकी रोड निवासी अकबर के निर्माणीधीन मकान में काम चल रहा है। मकान में गांव किशनपुर निवासी 40 वर्षीय खंजनलाल पुत्र रामचरन पिलर लगाने के लिए दीवार में कटाई कर रहे थे।
इसी दौरान मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर गृहस्वामी अकबर व मजदूर खंजनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की काफी भीड़ जुट गई। लोगों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। घायलों की सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। जहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।