प्रतापगढ़। घना कोहरा सोमवार को और तेज रहा। भोर से ही उसकी चादर ऐसी तनी कि सुबह 10 बजे तक वाहन चालक खुद को असहज पा रहे थे कि किस गति से गाड़ी चलाएं। कई वाहन चालक तो गाड़ी को पेट्रोल पंप व ढाबे पर रोककर मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे। कोहरे की बूंदों की झड़ी लगने से गलन का भी असर रहा।
गौरा प्रतिनिधि के अनुसार खेतों से सड़क तक घने कोहरे की चादर सुबह ही तन गई। ठंड भी अपने रंगत में है। रायबरेली, जौनपुर, हाईवे व गाजी का बाग मुबारकपुर मार्ग पर गौरा क्षेत्र में सुबह से ही घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को परेशान देखा गया। वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। हर किसी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
बर्बाद हो रहीं फूल वाली फसलें, किसान चिंतित
संवाद सूत्र, विश्वनाथगंज। किसानों को कोहरे के कारण खेती का नुकसान हो रहा है। लगातार एक सप्ताह से कोहरा पड़ रहा है। मटर, आलू, गोभी, टमाटर सरसों और फूल वाली खेती काे इससे ज्यादा नुकसान हो रहा है। किसान दवा का छिड़काव कर रहे हैं, लेकिन कोहरा लगातार पढ़ने से उनकी उम्मीद पर पानी फिर गया है। बड़ी मेहनत से सब्जी की खेती किसानों द्वारा की जाती है। गांव के छोटे-छोटे बाजारों में किसान सब्जी को ले जाकर खर्च चलाते हैं।