Khiron News ! विकास क्षेत्र के गांव मथुरा खेड़ा मजरे खीरों में स्थित तालेश्वर शिव मन्दिर परिसर में सावन मास के पहले सोमवार को स्थानीय भक्तों और तालेश्वर बाबा जन कल्याण समिति द्वारा तालेश्वर बाबा का रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। दिन में विशाल मेले का भी आयोजन किया गया।
रात में विशाल जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें छतरपुर मध्यप्रदेश की कीर्तनकारा कमलेश्वरी कंचन और कानपुर के कीर्तनकार सचदेवा शरारती के बीच में जबर्दस्त मुकाबला हुआ। तालेश्वर बाबा जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित जवाबी कीर्तन कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक राकेश प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सचदेवा शरारती ने सरस्वती वंदना के रूप में तार दे तार दे स्वर को विस्तार दे, शारदे शारदे स्वर का संसार दे प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सवालिया गीत के रूप में शिव के सिर की गंगा, धरती पर बहती यमुना का, सोंच मनवा सोंच संगम होगा कि नहीं। प्रस्तुत किया। कमलेश्वरी कंचन ने सरस्वती वंदन गीत के रूप में आश थकी आश लिए आशा जगाने आ जा, आज इस लाल की मां लाज बचाने आ जा। प्रस्तुत किया।
इसके बाद जवाब के रूप में जहां मन हरि चरणन में संगम होता है वहीं, सोंच मनवा सोंच संगम होता है वहीं। प्रस्तुत किया और सवालिया गीत के रूप में तीर सागर के डारे डेरा हैं, लम्बी लम्बी सूंड डाले हैं, राजा बनके विराजे श्रीगणेश, दूर दर्शन से होते क्लेश, आस्था सबकी चरणों में विशेष। प्रस्तुत किया। इसी तरह सारी रात सवालों जवाबों का दौर चलता रहा। कार्यक्रम का संचालन शासकीय अधिवक्ता अशोक त्रिवेदी ने किया। इस अवसर पर एडवोकेट राजेन्द्र त्रिपाठी, एडवोकेट शैलेन्द्र त्रिपाठी,रावेन्द्र त्रिपाठी, दिनेश गुप्ता, अवध नरेश यादव, पंजाबी सिंह, कांग्रेस की नेता सुधा द्विवेदी आदि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।