सहारनपुर। दिल्ली से मुंबई जाते समय बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में हमले का प्रयास किया गया। अभिनेत्री का कहना है कि आरोपी उनके कोच में घुस आए और उनकी आरक्षित सीट पर भी पहुंच गए। हालांकि, एक महिला यात्री से सीट बदलने के चलते वह आरोपियों से बाल-बाल बच गईं। बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी हत्या का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेन में मां-बेटी ने बदली थी सीट
सहारनपुर की रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बताया कि भाजपा नेतृत्व की ओर से उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मलाड वेस्ट सीट पर विनोद शेलार के लिए प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए वह बीते 16 नवंबर को गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस से दिल्ली से मुंबई जा रही थीं।
उनके लिए बी-1 कोच में सीट संख्या 28 आरक्षित थी, वह ट्रेन में सवार हुईं तो रूपा शर्मा नाम की महिला और उनकी बेटी ने उनसे सीट बदलने का आग्रह किया। इस पर वह रूपा शर्मा के लिए आरक्षित बी-2 कोच की सीट संख्या एक पर बैठ गईं।
इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोग उनकी आरक्षित सीट पर पहुंचे और वहां बैठी महिला और उसकी बेटी से अभिनेत्री के बारे में पूछा, लेकिन रूपा ने जानकारी नहीं दी। बाद में उक्त महिला और उसकी बेटी ने अभिनेत्री को घटना की जानकारी दी।
मुंबई से लौटकर पुलिस को देंगी शिकायत
अभिनेत्री ने बताया कि उनके टिकट के बारे में केवल सहारनपुर के ही एक करीबी को जानकारी थी। अभिनेत्री ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक रंजिश के चलते उनकी हत्या कराना चाहते हैं। अभिनेत्री फिलहाल मुंबई में हैं। यहां लौटने पर वह पुलिस से शिकायत करेंगी।
उर्मिला सनावर फिलहाल सोनी टीवी के ‘मेरे साईं’, स्टार प्लस के ‘मेरी दुर्गा’, एंड टीवी के ‘परमावतार श्रीकृष्ण’ और स्टार भारत के ‘गुड़िया हमारी सब पर भारी’ सीरियल में काम कर रही हैं। इसी वर्ष उनकी मूवी ‘आखिर पलायन कब तक’ रिलीज हुई थी। इसके अलावा वह दूरदर्शन के 38 धारावाहिकों और 47 हरियाणवी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।