Raebareli News। शिवगढ़ के मालिन का पुरवा में हुई महराजगंज के गरीब का पुरवा निवासी मनीष सैनी की हत्या की वारदात का पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी ने मिलकर मनीष की हत्या की है। देर रात मनीष ने आरोपितों महिला व उसके प्रेमी को पकड़ लिया था, जिसके चलते गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

इसके बाद शव को दूसरी जगह फेंक कर दोनों आरोपित फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपित प्रेमी मनीष की हत्या के लिए पूर्व से ही योजना बना रहा था, जिसको लेकर उसने करीब डेढ़ माह पूर्व ही अवैध पिस्टल खरीदी थी।

मृतक के भाई ने दी थी तहरीर

पुलिस अधीक्षक डा यशवीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने सतीश ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी थी। इसके अतिरिक्त जांच के आधार पर दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई। पूछताछ में मृतक मनीष की पत्नी रूबी ने बताया कि गरीब का पुरवा के ही रहने वाले सुनील से उसका प्रेम प्रसंग था, जिसके बारे में मनीष को जानकारी थी।

एसपी का कहना है कि रूबी ने बताया कि रविवार को उसके मायके मालिन का पुरवा में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए वह अपने दोनाें बच्चों के साथ आई थी। सुनील भी उससे मिलने के लिए रात में गांव आया। देर रात शौच के बहाने वह घर से निकलकर सुनील से मिलने गई थी।
शंका होने पर मनीष भी उसके पीछे आया और दोनों को देखकर आक्रोशित हो गया। इस पर मनीष और सुनील के बीच हाथापाई होने लगी, जिसमें सुनील ने मनीष को गोली मार दी। एसपी ने बताया कि मृतक को दो गोलियां मारी गईं। जब उसकी मौत गई तो दोनों आरोपित उसे दूसरी जगह फेंक कर फरार हो गए।

प्रयागराज से खरीदी थी देशी पिस्टल

एसपी के मुताबिक आरोपित सुनील मनीष की हत्या की पहले से ही तैयारी कर रहा था, इसी को लेकर उसने करीब डेढ़ माह पूर्व प्रयागराज से देशी पिस्टल खरीदी थी। प्रभारी निरीक्षक एसओजी विजेंद्र शर्मा व उनकी टीम मौजूद रही।